'कांग्रेस शासन में बिना टेंडर कर दिया करोड़ों का पौधरोपण':बीजेपी पार्षद बोले- सरकार बदलने पर निगम अधिकारी चुपके से पैसा निकालने की तैयारी में

'कांग्रेस शासन में बिना टेंडर कर दिया करोड़ों का पौधरोपण':बीजेपी पार्षद बोले- सरकार बदलने पर निगम अधिकारी चुपके से पैसा निकालने की तैयारी में

बीजेपी ने भिलाई नगर निगम में कांग्रेस शासन काल में एक करोड़ से अधिक का पौधारोपण बिना टेंडर में निकालने का आरोप लगाया है। अब सरकार बदने के बाद निगम के अधिकारी चुपके से पौधारोपण का टेंडर लगाकर उस रकम को निकालने की फिराक में है। भाजपा के वरिष्ठ पार्षद पीयुष मिश्रा ने इसकी लिखित शिकायत नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास से की है। उन्होंने पौधारोपण की निविदा से संबंधित भुगतान को रोकने की मांग की है। पीयुष ने आरोप लगाया है कि जोन कार्यालयों ने कुछ महीने पहले 20-20 लाख रुपए की लागत का टेंडर जारी कर पौधा रोपण कराया था। इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। एक करोड़ की लागत से पौधा रोपण कार्य कराया गया, लेकिन वर्तमान में 5 प्रतिशत भी पौधे जीवित नहीं है। हालत यह है कि दर्शाए गए स्थानों पर पौधों के ठूंठ तक नहीं हैं। इस कार्य में लापरवाही बरत कर निगम के अधिकारियों ने निगम को बड़ी आर्थिक क्षति पहुंचाई है। 

पार्षद पीयुष मिश्रा ने निगम आयुक्त से की लिखित शिकायत

पीयुष मिश्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि एक करोड़ रुपए का फर्जी पौध रोपण कराने के बाद सभी जोन में कुछ महीने पहले फिर से 20-20 लाख रुपए की निविदा लगाने का प्रयास किया गया था। निगम के अधिकारी ठेकेदार से मिलीभगत कर इस फिराक में हैं कि एक टेंडर की राशि से पौधा रोपण करके दूसरे का पैसा बिना कार्य निकाल लिया जाए।

भाजपा पार्षद पीयुष मिश्रा ने आयुक्त से शिकायत में बताया कि पौधा रोपण के बाद निगम के अधिकारियों ने लगाए गए पौधों का भौतिक सत्यापन तक नहीं कराया। उन्होंने यह तक जानकारी नहीं ली कि किस जगह कौन-कौन से पौधे लगाये जाने हैं और कहां क्या पौधे लगाए गए हैं। हालत यह रही कि निविदा होन के पहले ही सभी जगह ठेकेदार ने जल्दबाजी में पौधा रोपण कर डाला था। उनके द्वारा पौधे लगाकर उनको कवर करने के लिए प्लास्टिक पाइप लगाया गया। पार्षदों का आरोप है कि भिलाई नगर निगम के पास अपनी खुद की नर्सरी है। वहां हर साल पौध रोपण करने के बाद बारिश में पौधे लोगों को वितरित किए जाते हैं। ऐसे में निगम अधिकारियों ने अपनी नर्सरी से पौधा न लेकर ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए बाहर से पौधे खरीदने का टेंडर कर दिया।

नगर निगम भिलाई के जोन 4 के अंतर्गत 20 लाख की लागत से पौधा रोपण की निविदा बुलाई गयी है। यह निविदा जिन स्थानों में पौधा रोपण करने के लिए निकाली गई है, उन स्थानों पर पूर्व से ही पौधे लगे हुए हैं। केवल कार्यादेश के बाद भुगतान की तैयारी की जा रही है। ऐसा कर नगर निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।