गोकुल नगर में बायो गैस प्लांट की पहल, निगम और समाजसेवी का संयुक्त प्रयास

गोबर से बनेगी पीएनजी गैस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

गोकुल नगर में बायो गैस प्लांट की पहल, निगम और समाजसेवी का संयुक्त प्रयास

भिलाई के गोकुल नगर क्षेत्र में अब बायो गैस प्लांट की स्थापना की जाएगी, जिससे न केवल गोबर का सदुपयोग होगा बल्कि स्वच्छता और ऊर्जा के क्षेत्र में भी नया अध्याय जुड़ेगा। नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय और समाजसेवी शिशिर तमोटिया ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया और योजना की रूपरेखा पर चर्चा की।

भिलाईनगर। जोन 02 वैशाली नगर के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 24 के हाउसिंग बोर्ड 32 एकड़ क्षेत्र में सिवरेज लाइन निर्माण कार्य प्रगति पर है। मानसून से पूर्व पानी की निकासी सुनिश्चित करने हेतु आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कार्यस्थल का निरीक्षण कर, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए।

नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण हेतु चल रहे ऑटो टिप्पर के संचालन में सुधार लाने आयुक्त ने सभी वाहनों में बोरी के स्थान पर अलग ब्लॉक निर्माण का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया, जिससे गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण बेहतर हो सके।

बायो गैस प्लांट की पहल:
गोकुल नगर में बायो गैस प्लांट की स्थापना को लेकर नगर निगम और समाजसेवी शिशिर तमोटिया ने संयुक्त निरीक्षण किया। श्री तमोटिया ने बताया कि वे यह संयंत्र निजी व्यय पर स्थापित करने के इच्छुक हैं। इससे उत्पन्न होने वाली गैस ‘पाइप नेचुरल गैस’ (पीएनजी) होगी, जो एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक मानी जाती है। पीएनजी गैस का हीट वैल्यू लगभग 6000 किलो कैलोरी प्रति किलोग्राम होता है, जो घरेलू ईंधन के रूप में उपयुक्त है।

भूमि आबंटन का विषय:
गौ पालन हेतु गोकुल नगर में आबंटित भूमि की कीमत अब तक संबंधित हितग्राहियों द्वारा निगम कोष में जमा नहीं की गई है। निगम द्वारा नोटिस जारी कर भुगतान की मांग की गई है। नियत समय में भुगतान न होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गौ पालकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना।

निरीक्षण के अवसर पर जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उपअभियंता अर्पित बंजारे, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, सहायक उद्यान अधिकारी संजय शर्मा एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।