तूफान मिचौंग का असर, सरगुजा में चने की फसल बर्बाद:रायपुर समेत कई जिलों में पारा 6 से 8 डिग्री लुढ़का; कल से ठंड बढ़ेगी

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर आज भी दिख रहा है। सरगुजा संभाग में चने की फसल बर्बाद हो गई है। यहां चार दिनों से धान खरीदी बंद है। सामरी और मैनपाट में चने की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। बस्तर, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की बारिश से ठिठुरन बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री की गिरावट आई है।
पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में खास बदलाव देखने को नहीं मिला है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से प्रदेश के अधिकतम तापमान बढ़ने और न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार हैं। यानी कल से ठंड और बढ़ेगी।
सरगुजा संभाग के सामरी और मैनपाट में चने की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां बेमौसम बारिश से मिलेट्स की फसल कोदो को भी नुकसान हुआ है। फसल काटी जा चुकी है, जो खेत खलिहान में पड़े हैं। शुगर फ्री चावल और पौष्टिक होने के कारण कोदो की डिमांड बढ़ी है। भीगने से फसल बर्बाद हो रही है। इधर मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद ही मौसम साफ होने की संभावना है।