दुर्ग जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया
आधिकारिक ई-मेल पर भेजी गई धमकी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने की सघन जांच
दुर्ग जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार सुबह कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल सामने आते ही न्यायालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।
दुर्ग। दुर्ग जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी भेजे जाने के बाद न्यायिक व्यवस्था में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया और वकीलों, कर्मचारियों सहित आम नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
अधिवक्ता रवि शंकर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल की जानकारी मिलते ही न्यायालय प्रशासन सतर्क हो गया और पुलिस तथा जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा।
सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायालय भवन, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग परिसर, अधिवक्ताओं के चैंबर और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
दुर्ग के डीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह धमकी अफवाह या शरारतपूर्ण संदेश प्रतीत होती है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला न्यायालय में पहले से ही सप्ताह में एक बार नियमित सुरक्षा जांच की जाती है, ताकि किसी भी संभावित खतरे पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
suntimes 