दुर्ग में खेत विवाद का खौफनाक अंजाम, किसान को उतारा मौत के घाट

दुर्ग में खेत विवाद का खौफनाक अंजाम, किसान को उतारा मौत के घाट

*दुर्ग जिले में सिंचाई के पानी को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आकर एक किसान ने पड़ोसी किसान पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।*

दुर्ग-भिलाई। जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवरा में सिंचाई के पानी को लेकर दो किसानों के बीच चल रहा पुराना विवाद जानलेवा साबित हुआ। खेत में हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी मोहन लाल सिन्हा (48) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खेत आसपास स्थित हैं और पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

पानी को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार अमर सिंह ने अपने खेत में धान की फसल लगाई थी और सिंचाई के लिए ट्यूबवेल का उपयोग कर रहा था। आरोप है कि लंबे समय तक ट्यूबवेल चालू रहने से पानी आरोपी मोहन लाल के खेत में पहुंच जाता था, जहां उसने सरसों की फसल बोई थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

बताया जा रहा है कि 21 फरवरी को फिर से दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि मोहन लाल ने धारदार हथियार से अमर सिंह के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण अमर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद शव खेत में फेंका

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को अमर सिंह के ही खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

पूछताछ में कबूला जुर्म

घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, ग्रामीणों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने संदेह के दायरे में आए मोहन लाल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि लंबे समय से चल रहे पानी विवाद के चलते वह आक्रोशित था और गुस्से में आकर उसने हमला कर दिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रानीतराई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।