दुर्ग में निजी पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, छत पर अचेत मिला

विवाह तय होने की चर्चा के बीच हुई घटना; पुलिस ने साथ मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

दुर्ग में निजी पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, छत पर अचेत मिला

दुर्ग। अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक निजी पार्टी के दौरान 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक देर रात एक युवती के घर आयोजित पार्टी में शामिल होने गया था। कुछ समय बाद वह घर की छत पर अचेत अवस्था में मिला। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

पुलिस के अनुसार, सिद्धांत दान सोमवार रात अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। घर में उस समय अंजलीना के अलावा उसकी सहेली, सहेली का मित्र और एक अन्य परिचित भी मौजूद थे। सभी ने साथ बैठकर शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर सिद्धांत और अंजलीना के बीच विवाद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद सिद्धांत छत पर चला गया।

कुछ देर बाद अंजलीना जब उसे देखने पहुंची तो वह अचेत पड़ा मिला। उसे होश में लाने के लिए सीपीआर भी दिया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मंगलवार सुबह पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक और युवती एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और दोनों के विवाह की चर्चा भी चल रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि घर में मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक पहले निजी क्षेत्र में कार्यरत था, जबकि युवती नर्सिंग की छात्रा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।