नशे और अपराध के विरोध में कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, बैरिकेड तोड़कर किया जोरदार प्रदर्शन
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू व जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर
*भिलाई में बढ़ती नशाखोरी और अपराध के विरोध में गुरुवार को भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय की ओर कूच कर गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।*
भिलाई नगर। प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी और अपराध की घटनाओं के विरोध में भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के घेराव की घोषणा के साथ ही हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए और जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय की ओर बढ़े।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में निकले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में कांग्रेस के झंडे और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए घेराव का प्रयास किया।
प्रदर्शन की सूचना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही भाजपा कार्यालय के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दो स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए थे। हालांकि कार्यकर्ताओं का जोश इतना अधिक था कि उन्होंने पहले बैरिकेड को तोड़ते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया। इससे कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी की स्थिति बन गई।
दूसरे बैरिकेड पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर कड़ी नाकाबंदी कर दी थी। यहां पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक धक्का-मुक्की और नारेबाजी का दौर चलता रहा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर को कंधों पर उठाकर प्रदर्शन का नेतृत्व कराया, जिससे कार्यकर्ताओं में और अधिक उत्साह देखने को मिला।
अंततः प्रशासनिक अधिकारियों के समझाइश के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम श्री पिसदा को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त किया।
इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री बदरुद्दीन कुरैशी, पूर्व साडा उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर नीता लोधी, अतुल साहू, लक्ष्मीपति राजू, संदीप निरंकारी, केशव बंछोर, इमरान अंसारी सहित विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अफीम खेती मामले में बड़े सिंडिकेट की आशंका
प्रदर्शन के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि प्रदेश में सामने आए अफीम खेती के मामलों के पीछे बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े स्तर पर खेती बिना प्रशासनिक तंत्र की जानकारी के संभव नहीं है।
साहू ने कहा कि हर वर्ष राजस्व विभाग द्वारा फसलों का सर्वे कराया जाता है, ऐसे में संबंधित अधिकारी, पटवारी और अन्य जिम्मेदारों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अफीम के बीज कहां से आए और कहां बेचे जा रहे थे, इसकी गहन जांच जरूरी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार पर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
suntimes 