गैस सिलेंडर की कमी की चर्चा से बीएसपी में हलचल, कैंटीन बंद होने का मैसेज वायरल, प्रबंधन ने बताया अफवाह
कर्मचारियों के ग्रुप में वायरल मैसेज से मचा हड़कंप, घर से भोजन लाने की अपील का दावा
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक संदेश ने कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बना दिया। संदेश में दावा किया गया था कि व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण कैंटीनों का संचालन प्रभावित हो सकता है और कर्मचारियों को फिलहाल घर से नाश्ता या भोजन लाने के लिए कहा गया है।
यह संदेश प्लांट के कर्मचारियों के विभिन्न ग्रुपों में तेजी से वायरल हुआ, जिसमें इसे पर्सनल ऑफिसर की ओर से जारी बताया गया था। संदेश सामने आते ही कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई और कैंटीन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे।
मामले पर भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि कैंटीनों में गैस की कोई कमी नहीं है और वायरल संदेश पूरी तरह भ्रामक है। एचआर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार गुरुवार सुबह से कैंटीनों का निरीक्षण किया गया, जहां सभी स्थानों पर गैस की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। अधिकारियों ने कैंटीन संचालकों को निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखें ताकि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
हालांकि कुछ कैंटीन संचालकों ने बताया कि कामर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पहले की तुलना में प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन कैंटीनों में व्यावसायिक सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाता है। कामर्शियल वाहनों को प्लांट परिसर में प्रवेश मिलने में दिक्कत होने के कारण समय पर सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिसके चलते उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।
एक ठेकेदार के अनुसार प्लांट की एक बड़ी कैंटीन में हर महीने करीब 16 से 17 गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। वहीं प्लांट परिसर में संचालित लगभग 40 कैंटीनों के लिए कुल मिलाकर 350 से अधिक सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में सप्लाई प्रभावित होने की स्थिति में व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
इधर शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर भी उपभोक्ताओं की परेशानी सामने आ रही है। सेक्टर-4 स्थित एक गैस एजेंसी में 3 मार्च को ऑनलाइन बुकिंग करने के बावजूद 12 मार्च को दोपहर बाद सिलेंडर की डिलीवरी मिलने की शिकायत सामने आई है। एजेंसी के फोन बंद रहने से उपभोक्ताओं को और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
suntimes 