नेशनल हाईवे पर बारूद से लदा ट्रक बेकाबू, ट्रांसफार्मर से टकराकर धधका; भिलाई में टला बड़ा हादसा
तड़के 2:20 बजे हुई घटना, सर्विस रोड पर उतरने के बाद केबिन में लगी आग; दमकल की त्वरित कार्रवाई से बची बड़ी अनहोनी
दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक गंभीर दुर्घटना होते-होते टल गई। बारूद से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से सर्विस रोड पर जा उतरा और ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद उसके केबिन में आग लग गई। दमकल कर्मियों की सतर्कता से संभावित विस्फोट टाल दिया गया।
भिलाई। गुरुवार सुबह करीब 2:20 बजे रायपुर की दिशा में जा रहा बारूद से लदा ट्रक (क्रमांक TS 05 UB 2355) अचानक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार वाहन हाईवे से फिसलकर सर्विस रोड पर पहुंच गया और वहां स्थापित ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को समझते हुए अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल टीम ने पहुंचते ही हालात का आकलन किया और बिना देर किए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक में विस्फोटक सामग्री भरी होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील थी। यदि आग फैलती तो बड़ा धमाका हो सकता था। दमकल कर्मियों ने साहस दिखाते हुए केबिन के भीतर पहुंचकर लपटों पर काबू पाया।
ट्रांसफार्मर से टकराने के कारण आसपास के इलाके में भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझने के बाद वाहन को सुरक्षित हटाकर भिलाई-3 थाने में खड़ा कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
suntimes 