पिंक मैराथन में महिलाओं ने दिखाई ऊर्जा, फिटनेस और सशक्तिकरण का दिया संदेश
1500 से अधिक महिलाओं व युवतियों ने की सहभागिता, दौड़ के साथ जुम्बा और फिटनेस गतिविधियों में लिया हिस्सा
भिलाई। महिला स्वास्थ्य, फिटनेस और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेंटर में रविवार को पिंक मैराथन 3.0 का आयोजन किया गया। टीम केसरिया भिलाई के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 1500 से अधिक महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं हरी झंडी दिखाकर किया गया। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर जुम्बा, फिटनेस एक्टिविटी और मनोरंजक कार्यक्रमों ने भी महिलाओं को आकर्षित किया। मैराथन के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने जुम्बा सत्र में हिस्सा लेकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
आयोजकों ने बताया कि पिंक मैराथन का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सक्रिय व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में विनीता पांडेय, डॉ. मानसी गुलाटी, डॉ. सविता मोहन, सोनाली चक्रवर्ती, दिव्या सुमन, स्मिता डोड़के, स्मिता गोस्वामी, संध्या वर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में रोहन सिंह, ध्रुव पांडेय, राहुल गजभिये, रोहुल दीक्षित, रोहित सिंह, अभिषेक परिहार और शेखर शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया।
suntimes 