इंटर स्टेट बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, भिलाई से दो आरोपी गिरफ्तार

ओडिसा–भिलाई के बीच चोरी और बिक्री का नेटवर्क, झाड़ियों व खंडहर में छिपाई जाती थीं बाइकें

इंटर स्टेट बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, भिलाई से दो आरोपी गिरफ्तार

*दुर्ग जिले के भिलाई में सक्रिय अंतर्राज्यीय बाइक चोरी गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ओडिसा और भिलाई के बीच चोरी की मोटरसाइकिलों की अदला-बदली कर उन्हें खपाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिससे कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।*

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोरी गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई में चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह ओडिसा और भिलाई के बीच सक्रिय था। आरोपी ओडिसा से बाइक चोरी कर भिलाई में बेचते थे, वहीं भिलाई से चोरी की गई मोटरसाइकिलों को ओडिसा में खपाया जाता था। चोरी के बाद वाहनों को सिविक सेंटर क्षेत्र की झाड़ियों और सेक्टर-06 स्थित एलआईसी कार्यालय के पास एक खंडहर में छिपाकर रखा जाता था।

मामले का खुलासा 13 दिसंबर 2025 को दर्ज एक शिकायत के बाद हुआ। पीड़ित अजय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रूआबांधा शनिचरी बाजार सब्जी खरीदने गया था और शासकीय अस्पताल के पास बाइक खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बनवाली कोलथिया नामक व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने साथियों प्रदीप बाग उर्फ राजू और दिलीप के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद प्रदीप बाग उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से भिलाई नगर थाना क्षेत्र के एक, नेवई थाना क्षेत्र के एक और ओडिसा के दो वाहन चोरी मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।