तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से तीन नाबालिग गंभीर घायल, शराब बरामद
दुर्ग के ग्रीन चौक पर देर रात हुआ हादसा, स्कार्पियो चालक नशे में होने का संदेह, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीन नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में शराब की बोतलें मिलने से चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
दुर्ग। शहर के ग्रीन चौक के पास बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कार्पियो (CG 08 AR 8822) ने बाइक (CG 07 L 5953) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीन नाबालिग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल मोहन नगर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कार्पियो चालक की पहचान राजनांदगांव निवासी चूनामणि साहू के रूप में हुई है। वाहन से भारी मात्रा में शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं, जिससे यह संदेह प्रबल हो गया है कि चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और स्कार्पियो को जब्त कर लिया गया है।
इधर, घायलों के परिजनों को सूचना देने और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
suntimes 