सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, निवेशकों का रुझान कैश की ओर

8 दिन में चांदी ₹22 हजार टूटी, सोना ₹3,470 लुढ़का; मिडिल ईस्ट तनाव के बीच मुनाफावसूली तेज

सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, निवेशकों का रुझान कैश की ओर

नई दिल्ली। वैश्विक अनिश्चितताओं और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच निवेशकों का झुकाव नकदी की ओर बढ़ने लगा है। इसका सीधा असर सर्राफा बाजार पर देखने को मिला, जहां सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार 24 कैरेट सोना 3,470 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,50,768 रुपए पर पहुंच गया, जबकि चांदी 15,748 रुपए टूटकर 2,41,160 रुपए प्रति किलो पर आ गई।

चांदी में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। महज आठ दिनों में इसके दाम करीब 22 हजार रुपए प्रति किलो कम हुए हैं। 31 मई को चांदी 2,63,350 रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी, जो अब 2.41 लाख रुपए के आसपास पहुंच गई है। वहीं सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रहा है।

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव के चलते निवेशक जोखिम वाले निवेश से दूरी बना रहे हैं और नकदी को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके अलावा जनवरी में सोने-चांदी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों द्वारा की जा रही मुनाफावसूली भी कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह बनी है।

इस वर्ष की शुरुआत में सोना 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.85 लाख रुपए प्रति किलो के ऐतिहासिक उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। हालांकि इसके बाद लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। पिछले करीब 130 दिनों में सोना 25 हजार रुपए और चांदी 1.45 लाख रुपए तक सस्ती हो चुकी है।

सर्राफा कारोबारियों के अनुसार वैश्विक हालात सामान्य होने तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों को फिलहाल सतर्कता के साथ निवेश संबंधी निर्णय लेने की सलाह दी जा रही है।