प्रेम संबंध का दुखद अंत: शादी से इनकार पर युवती ने जहर खाया
कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत सेन्द्रीपाली गांव में एक युवती ने प्रेम संबंध में निराशा के चलते कथित रूप से जहर खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान कृष्णो कुमारी (19) के रूप में हुई है। गांव के ही रोशन कुमार (21) के साथ उसका पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और विवाह की चर्चा भी चल रही थी। युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन युवक के परिवार की ओर से सहमति नहीं मिली।
शादी से इनकार के बाद उठाया कदम
परिजनों के अनुसार युवक ने जब युवती को अपने परिवार के इंकार की जानकारी दी, तो वह मानसिक रूप से आहत हो गई। 23 फरवरी को वह गांव के पास जंगल की ओर गई और खेतों में उपयोग होने वाला कीटनाशक पी लिया। इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन कर जहर सेवन की जानकारी दी।
बताया जाता है कि गंभीर स्थिति में भी वह किसी तरह पैदल घर पहुंची। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बड़े परिवार से थी युवती
परिवारजनों के मुताबिक, कृष्णो कुमारी 12 भाई-बहनों में पांचवें क्रम की थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही जांच
करतला थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
suntimes 