फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर भड़के पार्षद: पानी सप्लाई में देरी पर जताई नाराज़गी
भिलाई निगम के भाजपा पार्षदों ने नेहरू नगर स्थित 77 एमएलडी प्लांट का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर जताया विरोध, समय पर जल आपूर्ति नहीं मिलने पर जताई नाराज़गी
सावन सोमवार के दूसरे सप्ताह में भिलाई नगर निगम के भाजपा पार्षदों ने नेहरू नगर स्थित 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। वार्डों में समय पर पानी नहीं मिलने से नाराज़ पार्षदों ने इंटक वेल और प्लांट की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
भिलाई। भिलाई नगर निगम के भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने सोमवार को नेहरू नगर स्थित 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट और इंटक वेल का निरीक्षण किया। पार्षदों ने नगर के विभिन्न वार्डों में समय पर जल आपूर्ति नहीं होने को लेकर निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे पार्षदों ने बताया कि जनता को नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे गर्मी और सावन के महीने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने फिल्टर प्लांट की कार्यप्रणाली, पाइपलाइन व्यवस्था और सप्लाई टाइमिंग की जांच की। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में कई जगहों पर पानी टंकियों से तो सप्लाई हो रही है, लेकिन वह तय समय पर नहीं पहुंच रही, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। भाजपा पार्षदों ने जल्द सुधार नहीं होने पर निगम प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।