भक्ति, रोशनी और संगीत के बीच निकलीं 35 झांकियां, देर रात तक उमड़ा जनसैलाब
गुरुद्वारा चौक से नंडई तक दिखा गणेश उत्सव का उत्साह, कांतारा झांकी रही खास आकर्षण; पुलिस ने संभाला मोर्चा
राजनांदगांव में शनिवार की रात गणेश उत्सव की भव्यता सड़कों पर दिखाई दी। बारिश के कारण स्थगित हुआ झांकियों का नगर भ्रमण मौसम खुलने के बाद उत्साह के साथ आयोजित किया गया। 35 झांकियां रोशनी से सजे वाहनों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं। कहीं धार्मिक प्रसंग नजर आए तो कहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। कांतारा थीम की झांकी सबसे ज्यादा चर्चा में रही।
राजनांदगांव। शनिवार रात राजनांदगांव में गणेश उत्सव का नजारा देखते ही बना। शहर की सड़कों पर एक के बाद एक 35 झांकियां निकलीं। डीजे की धुन, भजनों की गूंज और आकर्षक विद्युत सजावट के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए। झांकियों को देखने के लिए शाम से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी।
रात करीब 8 बजे गुरुद्वारा चौक से झांकियों का काफिला रवाना हुआ। महाकाल चौक से होते हुए सिनेमा लाइन, कामठी लाइन, रामाधीन मार्ग और गंज लाइन के रास्ते झांकियां नंडई की ओर बढ़ीं। पूरे मार्ग में लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर झांकियों का आनंद लिया।
धार्मिक कथाओं से लेकर संस्कृति तक की झलक
नगर भ्रमण में शामिल झांकियों में भगवान गणेश और अन्य धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों को भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। रोशनी और सजावट ने रात के आयोजन को और भव्य बना दिया।
कांतारा झांकी पर टिकी निगाहें
दक्षिण भारतीय संस्कृति पर आधारित कांतारा थीम की झांकी ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पारंपरिक संस्कृति और अलग अंदाज की प्रस्तुति के कारण इस झांकी को देखने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने झांकियों के साथ चल रहे जुलूस का उत्साह देखा।
बारिश के कारण टला था आयोजन
झांकियों का नगर भ्रमण 25 सितंबर को प्रस्तावित था। लगातार बारिश के कारण आयोजन को स्थगित करना पड़ा था। शनिवार को दिनभर मौसम साफ रहा, जिसके बाद समितियों ने झांकियां निकालने का निर्णय लिया। मौसम साथ देने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे।
सुरक्षा के लिए 800 जवानों की तैनाती
आयोजन के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने व्यापक व्यवस्था की। करीब 800 जवानों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया। झांकियों के साथ पुलिस बल चलता रहा, वहीं प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए।
कलेक्टर जितेंद्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने व्यवस्था की निगरानी की। निगम आयुक्त, तहसीलदार, एसडीएम शाहिद सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया।
suntimes 