भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में नेशनल हाईवे जाम:पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय हजारों कार्यकर्ताओं के साथ 17 फरवरी को करेंगे प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई की वैशाली नगर व भिलाई नगर विधानसभा स्तरीय बैठक बुधवार को आयोजित की गई। कुर्मी भवन सेक्टर 7 में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व महामंत्री संगठन पवन साय सहित पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय भी शामिल हुए। बैठक में उन्होंने भाजपा नेताओं की नक्सलियों द्वारा हो रही हत्या का विरोध किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 17 फरवरी को भिलाई में रायपुर नगर नेशनल हाईवे को जाम करके इसका विरोध करेगी।
पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने कहा कि, नारायणपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घटित घटना निंदनीय है। कांग्रेस के शासन में ऐसा हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्री इसे विभागीय लापरवाही बता रहे हैं, तो क्या वो ये नहीं जानते कि राज्य की पुलिस और सुरक्षा सभी राज्य सरकार के कंट्रोल में है। यदि ये विभाग की लापरवाही है तो इसे सरकार की लापरवाही भी कहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा इसका विरोध कर रही है। 17 फरवरी को बस्तर के 12 विधानसभा को छोड़कर प्रदेश की सभी 78 विधानसभा में मंडल स्तर पर दोपहर 2 से 5 तक प्रदेश की 400 से अधिक सड़कें जाम की जाएंगी।
इसी कड़ी में वो खुद नेशनल हाईवे को जाम करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को दोपहर 1 खुर्सीपार मैदान में जमा होने के लिए कहा है। इसके बाद 2 से 5 बजे तक एनएच को जाम किया जाएगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि इस समय पर आवश्यक कार्य को छोड़कर अन्य लोग वाहन से बाहर न निकले और भाजपा के इस विरोध का समर्थन करें।
बूथ और मंडल तक को मजबूत करने का करें काम
वैशाली नगर और भिलाई नगर विधानसभाओं की चुनावी रणनीति को लेकर आयोजित बैठक में महामंत्री संगठन पवन साय ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कई टिप्स दिए। उन्होंने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए उनका विचार मांगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अंतिम व्यक्ति और अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचने के लिए एक आयाम है। पार्टी की रीति नीति आचार विचार का ज्ञान सभी कार्यकर्ताओं में होने चाहिए। सभी अपना ध्यान अपनी विधानसभा में केंद्रित करते हुए अपना बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल को मजबूत करें।
बूथ की मजबूती ही जीत का मंत्र - जामवाल
बैठक के प्रमुख वक्ता अजय जामवाल ने कहा सशत्र बूथ की मजबूती ही जीत का असली मंत्र है। उन्होंने बूथ को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर भाजपा के 6 राष्ट्रीय कार्यक्रम करने के निर्देश दिए। साथ ही साथ उन्होंने कहा की मंडलों में हम मजबूत हैं, लेकिन इसमें और अधिक कार्य करने की आवश्यकता है। पार्टी बढ़ रही है लेकिन पार्टी का विस्तार नहीं हो रहा है।
इस दौरान संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, जिला अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, जिला प्रभारी संदीप शर्मा, जिला सहप्रभारी चेम्मन देशमुख, सांसद विजय बघेल, भिलाई विधानसभा प्रभारी अमित साहू और वैशालीनगर विधानसभा प्रभारी संतोष अग्रवाल उपस्थित थे।