भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन में दर्दनाक हादसा, हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
लोडिंग के दौरान आगे बढ़ी क्रेन, जंजीर बांध रहे हेल्पर को कुचला; पुलिस ने मर्ग कायम किया
भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन कंपनी परिसर में मंगलवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। हाइड्रा क्रेन के नीचे दबने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि परिजन और सहकर्मी सदमे में हैं।
भिलाई । भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन कंपनी में मंगलवार को लापरवाही भरा एक क्षण एक श्रमिक की जान ले बैठा। सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा के अनुसार, कंपनी परिसर में हाइड्रा क्रेन के माध्यम से लोहे का सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान हेल्पर उदीत मांझी क्रेन में लोड किए गए सामान को जंजीर से सुरक्षित करने के लिए पास में खड़ा था।
बताया जा रहा है कि इसी बीच क्रेन ऑपरेटर से अचानक क्रेन आगे बढ़ गई और उदीत मांझी उसकी चपेट में आ गया। भारी क्रेन के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद सहकर्मी उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा तकनीकी चूक से हुआ या मानवीय लापरवाही इसकी वजह बनी।
suntimes 