बिजली बिल, कटौती और बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, अरुण वोरा ने विभाग को चेताया

पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा के साथ विद्युत अधिकारियों से मुलाकात, स्ट्रीट लाइट, लो-वोल्टेज और उपभोक्ता समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

बिजली बिल, कटौती और बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, अरुण वोरा ने विभाग को चेताया

दुर्ग में बढ़ते बिजली बिल, बार-बार होने वाली बिजली कटौती और बदहाल स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा के साथ उन्होंने विद्युत मंडल के कार्यपालन निदेशक संजय खंडेलवाल से मुलाकात कर आम उपभोक्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र सुधार नहीं होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी।

प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर जनता की बढ़ती नाराजगी अब राजनीतिक स्तर पर भी मुखर होने लगी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा और कांग्रेस नेताओं के साथ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के कार्यपालन निदेशक संजय खंडेलवाल से मुलाकात कर उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में अरुण वोरा ने कहा कि एक ओर महंगाई से आम जनता परेशान है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ते बिजली बिल लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है।

उन्होंने अधिकारियों का ध्यान बिना वास्तविक खपत के अधिक बिल जारी होने, बार-बार बिजली गुल होने, लो-वोल्टेज की समस्या, खराब मीटर और शिकायतों के समय पर निराकरण नहीं होने जैसी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। उनका कहना था कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी इस प्रकार की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

अरुण वोरा ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख मार्गों, शहरों और कस्बों में लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों सहित महत्वपूर्ण सड़कों पर यदि पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है, तो यह संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

पूर्व विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिजली आम नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और उपभोक्ताओं को पारदर्शी, जवाबदेह एवं बेहतर सेवाएं मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।

पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा ने भी कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने विभाग से सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की मांग की।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाली सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।