घर टूट गया तो क्या हुआ, दोबारा बनेगा, पीड़ितों का दर्द सुन भूपेश और बैज ने दिया साथ का भरोसा
राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे।
राजधानी से लगे नकटी गांव में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद मंगलवार को पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने टूटे घरों का निरीक्षण किया और वही चौपाल लगाकर पीड़ित परिवारों के दर्द को समझा। अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ेगी। इसके लिए जल्द ही कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा और विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
पीड़ितों का दर्द सुन भूपेश और बैज ने दिया साथ का भरोसा
इस दौरान बैज ने कहा कि कांग्रेस प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करती है। घर टूट गया तो क्या हुआ, घर दोबारा बनेगा, कांग्रेस आपके साथ हर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए गरीबों के घर उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी है कि इसका समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी। उन्होंने भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चाहते तो यह कार्रवाई रुक सकती थी। बैज ने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगा जाना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन सहित अन्य वरिष्ठजन मौजूद थे।
मकानों का पूरा मुआवजा मिले: बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने गरीब परिवारों के घरों को तोड़ा है, जबकि प्रभावशाली लोगों के मकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बघेल ने मांग की कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उन्हें मकानों का पूरा मुआवजा दिया जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों की आजीविका के नुकसान की भी भरपाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए थी और उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई करनी चाहिए थी।
बघेल ने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है। बघेल ने भाजपा नेताओं बृजमोहन अग्रवाल और अनुज शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि वह पहल करते तो किसी का घर नहीं टूटता। उन्होंने कहा कि गांव के आसपास मौजूद सभी अवैध कब्जों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाए।
suntimes 