भिलाई को मिला नया तोहफ़ा : निगम मुख्यालय के लिए 20 करोड़, श्रीकृष्ण धाम को भी मिलेगी मदद

सीएम विष्णुदेव साय ने 260 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ, विधायक रिकेश सेन की मांग पर तुरंत हुई बड़ी घोषणा
भिलाई नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम भिलाईवासियों के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यहां 260 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही भिलाई को नया निगम भवन बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके साथ ही सेक्टर-6 में बनने वाले "श्रीकृष्ण धाम" के लिए भी उन्होंने आवश्यक मदद का भरोसा दिलाया।
भिलाई। भिलाई शहर को सोमवार को एक साथ कई सौगातें मिलीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद निगम मुख्यालय पहुंचकर 260 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसी दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने मुख्यमंत्री से भिलाई नगर निगम के नए भवन और सेक्टर-6 में "श्रीकृष्ण धाम" के निर्माण की मांग रखी।
विधायक की मांग का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल घोषणा की कि भिलाई नगर निगम मुख्यालय के नए भवन निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। इस घोषणा के साथ ही परिसर में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार उत्साह व्यक्त किया और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भिलाई तेजी से विकसित हो रहा है और यहां की जनता को बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि "श्रीकृष्ण धाम" परियोजना के लिए भी जरूरत के अनुसार राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भिलाई को आने वाले समय में और भी बड़े प्रोजेक्ट्स देने का आश्वासन दिया।