भिलाई भट्टी पुलिस की तत्परता: चोरी की वारदात का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

नेहरू सांस्कृतिक भवन सेक्टर-1 से चोरी, 30 हजार का सामान और एक्टिवा बरामद

थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए महज़ कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से नृत्यकलानुमा पीतल की मूर्ति, पीतल के कप, लोहे के सामान समेत करीब 30 हजार रुपए मूल्य का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन एक्टिवा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

भिलाई। थाना भिलाई भट्टी पुलिस ने चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तेज़ कार्रवाई की है। प्रार्थी अरुण कुमार मिश्रा ने 28 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नेहरू सांस्कृतिक भवन, सेक्टर-1 भिलाई स्थित "दृष्टिकोण नाट्य संस्था" में चोरी हो गई है। संस्था के डायरेक्टर कौशल कुमार उपाध्याय द्वारा जानकारी मिलने पर जब वे पहुंचे तो पाया कि कक्ष का ताला टूटा हुआ था और आलमारी-पेटियां बिखरी हुई थीं। जाँच करने पर संस्था में रखी पीतल की नृत्यकलानुमा मूर्ति, छोटे-बड़े पीतल के कप और लोहे के अन्य सामान गायब मिले।

रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्टी में अपराध क्रमांक 120/2025 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अनमोल कुजुर और अमित कुमार निषाद, निवासी खुर्सीपार जोन-2, भिलाई बताया। दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद कर जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को 29 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्टी के सहायक उपनिरीक्षक पुनीत राम वर्मा, आरक्षक आशीष सिंह, संजीव ओझा एवं ACCU टीम दुर्ग की विशेष भूमिका रही।