भिलाई में ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर पुलिस का शिकंजा, कार से ऑपरेट कर रहा आरोपी गिरफ्तार
गुरु 777 एप के जरिए लगवा रहा था दांव, क्रेटा कार, लैपटॉप और महंगे मोबाइल जब्त
दुर्ग-भिलाई। ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छावनी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा, जो कार में बैठकर मोबाइल एप के जरिए सट्टा चला रहा था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कैंप-2 स्थित बैकुंठ धाम वाटिका गेट के सामने एक युवक ‘गुरु 777’ नामक एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान क्रेटा कार में बैठे युवक को ऑनलाइन हार-जीत का दांव लगवाते हुए पकड़ा गया। आरोपी की पहचान इरफान पाशा (35 वर्ष) निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, डेल इंस्पिरॉन लैपटॉप, आईफोन 16 प्रो मैक्स तथा एक अन्य स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन एप के जरिए लोगों से हार-जीत का दांव लगवाकर अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
suntimes 