भिलाई में मकान के भीतर सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस रेड में 5 गिरफ्तार

खुर्शीपार और छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस की दबिश, 12 आरोपी गिरफ्तार; नगदी, वाहन और ताश के पत्ते बरामद

भिलाई में मकान के भीतर सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस रेड में 5 गिरफ्तार

भिलाई में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुर्शीपार इलाके में एक मकान के अंदर चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और ACCU टीम की संयुक्त रेड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से नगदी, कार, बाइक और मोबाइल समेत करीब 16.70 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई। वहीं छावनी थाना क्षेत्र में भी खुले स्थान पर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में अवैध जुए के कारोबार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए खुर्शीपार इलाके में संचालित एक जुआ फड़ का पर्दाफाश किया है। पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में मकान के भीतर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, कार, बाइक, मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल होने वाले सामान समेत करीब 16 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क एवेन्यू क्वार्टर नंबर-6 स्थित एक मकान में लंबे समय से जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खुर्शीपार थाना पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मकान के भीतर पांच लोगों को ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाते पकड़ा।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 92 हजार 615 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश के दो गड्डे, दो कार, दो बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा प्लास्टिक कुर्सियां, टेबल और जुआ फड़ संचालन में उपयोग होने वाला अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त वाहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में जानकी रमैया (60), जितेंद्र सिंह (58), अशोक कुमार सोनी (45), मोहम्मद अनीस (51) और रवि कुमार (50) शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।

इधर, छावनी थाना पुलिस ने भी जुआ खेलने वालों के खिलाफ अलग कार्रवाई करते हुए कसाई मोहल्ला नाला के पास खुले स्थान पर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और 1200 रुपए नगद जब्त किए।

छावनी थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में दानिश कुरैशी, विरेन्दर चौहान, मोहम्मद चांद, मोहम्मद जाफर, रितिक कोलते, रेहान हुसैन और शेख अफरोज शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।