घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को गला दबाकर मारा:बच्ची को बताया 'मम्मी की तबीयत खराब है'; आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग।' दुर्ग जिले में एक पति ने अपनी पत्नी को गला दबाकर मार डाला और फिर मामले को दबाने के लिए बीमारी से मौत होने की बात कही। 10 सितंबर की शाम प्रीति और उसके पति होरीलाल वर्मा (30 साल) के बीच घरेलू विवाद हुआ, जिसके बाद होरीलाल ने प्रीति का गला दबा दिया, जिससे उसकी जान चली गई।मामला पाटन थाना क्षेत्र का है। प्रीति की यह दूसरी शादी थी और उसके एक बेटा और एक बेटी है। बेटी प्रीति के साथ रहती थी। जब उनकी बेटी घर लौटी, तो आरोपी होरीलाल ने उसे बताया कि 'मम्मी की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल ले जाना है।'
रात करीब 8:30 बजे उसने 108 एंबुलेंस बुलाकर पत्नी को पाटन अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों को बताया गया कि पत्नी को सीने में दर्द हुआ और वह बेहोश हो गई थी। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने गुरुवार (18 सितंबर) को आरोपी पति होरीलाल वर्मा को हिरासत में लेकर पाटन थाने लाया। पूछताछ के दौरान उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।उसने बताया कि पत्नी शराब पीने और कॉल पर बातचीत करने की आदत के कारण अक्सर उससे झगड़ा करती थी। घटना वाले दिन 10 सितंबर को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान गुस्से में आकर उसने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को कमरे में रखे खाट पर लिटाकर परिवार और रिश्तेदारों को झूठ बोला कि पत्नी चक्कर खाकर गिर गई है।
एसडीओपी पाटन अनूप लकड़ा ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति वर्मा (35 साल) के रूप में हुई है। यह घटना 10 सितंबर 2025 को शाम 5 से 6 बजे के बीच हुई। हत्या के बाद आरोपी पति ने मामले को छिपाने का प्रयास किया था। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी कर रही है।
suntimes 