बायोगैस प्लांट के विरोध में तीन वार्डों के पार्षदों ने निकाला मशाल जुलूस
जनप्रतिनिधियों ने जताई आपत्ति, कहा—शहर और सार्वजनिक स्थानों से दूर स्थापित किया जाए संयंत्र
प्रस्तावित बायोगैस प्लांट को लेकर शहर में विरोध तेज हो गया है। तीन वार्डों के पार्षदों ने मशाल जुलूस निकालकर निगम और प्रशासन को चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यह प्लांट यदि शहर या सार्वजनिक स्थान के पास लगाया गया तो आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
भिलाई। सीबीजी (कंप्रेस्ड बायोगैस) प्लांट की स्थापना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तीन वार्डों के पार्षदों ने मशाल जुलूस निकालकर इसका कड़ा विरोध जताया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों का कहना है कि नगर निगम द्वारा जिस स्थान पर प्लांट लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, वह आबादी क्षेत्र के बीच है, जिससे स्थानीय निवासियों को बीमारियों और दुर्गंध जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
वार्ड पार्षद श्रीमती नेहा साहू (कैलाश नगर) ने कहा कि बिना पर्याप्त जानकारी और आपत्तियों के निराकरण के ही पर्यावरण स्वीकृति कैसे दे दी गई, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें बायोगैस प्लांट लगाने से आपत्ति नहीं है, परंतु यह शहर से दूर और सार्वजनिक स्थलों से अलग स्थान पर स्थापित होना चाहिए।
इसी तरह, वार्ड पार्षद अनीता साहू ने विधायक रिकेश सेन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि प्लांट का स्थान बदला जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को निर्णय लेना चाहिए।
पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जनता की सहमति लिए बिना बायोगैस प्लांट को आबादी क्षेत्र में स्थापित किया गया, तो विरोध और तेज किया जाएगा।
suntimes 