भिलाई सेक्टर-6 में शराब दुकान के खिलाफ जनआक्रोश: काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन
परिवारिक बाजार से दुकान हटाने की मांग, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन; सुरक्षा और सामाजिक माहौल बिगड़ने की जताई आशंका
भिलाई। सेक्टर-6 ए मार्केट स्थित शराब दुकान के खिलाफ मंगलवार को स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शराब दुकान के सामने एकत्रित होकर काली पट्टी बांधकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन से इसे तत्काल हटाने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने दुर्ग कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग रखी। उनका कहना था कि सेक्टर-6 ए मार्केट भिलाई टाउनशिप का प्रमुख और व्यस्त बाजार है, जहां बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान संचालित होना अनुचित है।
नगर निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य एवं पार्षद साकेत चन्द्राकर ने कहा कि बाजार के बीच शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में अव्यवस्था बढ़ सकती है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। वहीं व्यापारियों ने आशंका जताई कि इससे उनके व्यवसाय पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने बताया कि सेक्टर-6 क्षेत्र में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर सहित कई शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब दुकान खोलना सामाजिक दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले से ही आसपास के खाली स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं, ऐसे में शराब दुकान से स्थिति और बिगड़ सकती है।
प्रदर्शन में भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र परगनिहा, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, महिला कांग्रेस पदाधिकारी, एनएसयूआई कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
suntimes 