भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग: टर्बाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 5 कर्मचारी घायल
PBS-2 के टर्बाइन एरिया में हादसा, 10 फीट तक उठीं लपटें; एक कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर
भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। टर्बाइन एरिया में हुए ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली, जिसकी चपेट में आकर पांच कर्मचारी घायल हो गए।
भिलाई। Steel Authority of India Limited के अधीन भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के PBS-2 स्थित 25 मेगावाट टर्बाइन एरिया में अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे टर्बाइन में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठती देखी गईं। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारी किसी तरह पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
इस घटना में दो बीएसपी कर्मी और तीन ठेका श्रमिक घायल हुए हैं। इनमें एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग से केबल सहित अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि कुल क्षति का आंकलन अभी नहीं किया जा सका है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
suntimes 