मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां गिनाएगी बीजेपी:भाजपा चलाएगी विशेष जनसंपर्क अभियान, घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता

केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसके तहत भिलाई नगर में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आगामी चुनाव में छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने का संकल्प लेते हुए उत्साह बढ़ाया।

मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां गिनाएगी बीजेपी:भाजपा चलाएगी विशेष जनसंपर्क अभियान, घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब कुछ ही महीने बाकी हैं। ऐसे में भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसके तहत भिलाई नगर में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आगामी चुनाव में छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने का संकल्प लेते हुए उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने गौरवशाली 9 वर्ष पूर्ण कर लिये हैं। उनके नेतृत्व में सभी वर्गों का विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता को जन-जन की आदत बनाया। उन्होंने कहा स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा से लेकर मातृशक्तियों तक हर वर्ग और क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने काम किया है।

सम्मेलन में मौजूद भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी।

नरेंद्र मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता बन चुके हैं, उन्होंने कहा कि सभी मोदी सरकार के विकास कार्यों को जन जन तक पहुंचाएं। लोगों को बताएंगे कि देश, राज्य और समाज का विकास चाहिए तो भाजपा को लाना होगा। उन्होंने सम्मेलन में आयोजित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कहा कि वो मोदी सरकार की उपलब्धियों को विशेष अभियान चलाकर घर-घर पहुंचाने का कार्य करें।

कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने वोट पाने के लिए लोगों से बड़े- बड़े वादे तो किये लेकिन, पूरा कुछ भी नहीं किया। उसने बीते 4 सालों में युवा, व्यापारी, किसान और माताओं-बहनों सबको ठगा है। सरकारी शराब दुकान से 1 नंबर और 2 नंबर की शराब बेची गई। भिलाई को शिक्षाधानी के रूप में पहचाना जाता था, लेकिन बीते 4 सालों में यह अपराध का गढ़ बन गया है।

यहां खुलेआम सट्टा खिलाया जाता है। सट्टा का पैसा नहीं देने पर सुपारी देकर मर्डर तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिलाई में भ्रष्टाचार की नई इबारत लिखी गई जहां हल्की बारिश में सेक्टर -7 में बैंडमिंटन कोर्ट की दीवार गिर गई, जिसका ठीकरा एक महिला अधिकारी पर फोड़ दिया गया।

मोदी सरकार में देश आर्थिक रूप से सक्षम हुआ - मोहंती
मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष समीर मोहंती भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद विश्व ने ऐसा नेतृत्व देखा है जो हर क्षेत्र में लगातार कार्य कर देश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक रूप से सक्षम हुआ है। आज देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ ही बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।