रायपुर में बढ़ी गर्मी: पारा 37 डिग्री के करीब, अगले तीन दिन और तपेगा प्रदेश

रायपुर (सन टाइम्स)। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला बन गया है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब पहुंच गया है। फरवरी विदा होते ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई शहरों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
प्रदेश में शुष्क मौसम के चलते तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, चार अन्य शहरों में भी तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिससे हवा में नमी बढ़ेगी। हालांकि, रायपुर में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के बदलाव का संकेत दे रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दोपहर की गर्मी और तीव्र हो सकती है, जबकि रात में हल्की ठंड बरकरार रहेगी।