सियान सदन से गूंजा हरियाली का संदेश, ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत हुआ वृहद पौधारोपण

आर्टकॉम की पहल में वरिष्ठ नागरिकों ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी, छायादार और फलदार पौधे लगाकर दिया प्रकृति बचाने का संदेश

सियान सदन से गूंजा हरियाली का संदेश, ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत हुआ वृहद पौधारोपण

भिलाई के नेहरू नगर स्थित सियान सदन परिसर रविवार को पर्यावरण संरक्षण के संदेश का सशक्त केंद्र बना। आर्टकॉम संस्था के ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर वृहद वृक्षारोपण किया। इस दौरान पौधारोपण के साथ पर्यावरण जागरूकता कविता पाठ, जनसंदेश और हरियाली बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।

नेहरू नगर, भिलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्टकॉम संस्था द्वारा संचालित ‘हर आंगन एक पेड़’ अभियान के तहत रविवार को नेहरू नगर स्थित सियान सदन परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों और आर्टकॉम के सदस्यों ने भाग लेकर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

आर्टकॉम द्वारा प्रत्येक रविवार "ऑक्सीजन है तो हम हैं" अभियान के तहत पौधारोपण किया जाता है। इसी क्रम में सियान सदन प्रबंधन के आमंत्रण पर इस बार सदन परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। सुरक्षित और विकसित गार्डन क्षेत्र में लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।

करीब 500 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों वाले सियान सदन परिसर में नगर निगम भिलाई और सियान सदन के संयुक्त प्रयास से विकसित गार्डन और पार्किंग क्षेत्र को हराभरा बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर अभियान के संचालक निशु पाण्डेय ने पर्यावरण पर आधारित अपनी चर्चित कविता "ऐसा कोई है क्या" तथा "हर आंगन एक पेड़" का पाठ किया। उपस्थित लोगों ने "हर आंगन एक पेड़" के नारे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में सियान सदन के अध्यक्ष संदीप गुप्ता, सुभाष चंद्र, यतेंद्र कुमार, पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपति, आर.सी. सिंह, आर.आर. बाजपेई, हेमंत चौहान, राजीव गर्ग, दीपशिखा, प्रदीप सूद, विजय क्षीरसागर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वहीं आर्टकॉम की ओर से संरक्षक करमजीत सिंह, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष गुरुनाम सिंह, शारदा गुप्ता, बृजमोहन उपाध्याय, संचालक निशु पाण्डेय, मीडिया सलाहकार अमिताभ भट्टाचार्य, मेघा कौर, संतोष जायसवाल, भास्कर तिवारी एवं श्रीनिवास मिश्रा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में आह्वान किया कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध हवा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, आंगन या आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे।