खारून नदी में पिकनिक बना हादसा, तेज बहाव में बहे युवक का 16 घंटे बाद मिला शव
जमराव घाट पर दोस्तों के साथ नहाने उतरा था 22 वर्षीय युवक, एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट्स ने चलाया लगातार रेस्क्यू अभियान
अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए युवकों का आनंद उस समय मातम में बदल गया, जब नहाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात में अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा, लेकिन रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए ऑपरेशन में करीब 16 घंटे बाद युवक का शव बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
दुर्ग/अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए 12 दोस्तों के समूह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नहाने के दौरान एक युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 5:30 बजे की है। कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
नदी का जलस्तर अधिक होने तथा अंधेरा होने के कारण देर रात तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रविवार सुबह 5 बजे एसडीआरएफ की टीम फिर से घटनास्थल पहुंची और सघन खोजबीन शुरू की।
रेस्क्यू के दौरान एसडीआरएफ के डीप डाइविंग विशेषज्ञ राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव वाले गहरे पानी में उतरकर तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 9:05 बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अमलेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव (22 वर्ष), पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी, कमल विहार, रायपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने 11 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जमराव घाट पहुंचा था।
जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देशन में चले इस अभियान का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। रेस्क्यू टीम में चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप सहित अन्य जवान शामिल रहे। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और सतत प्रयासों से शव बरामद कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।
suntimes 