हिंसा से 9 की मौत, 10 घायल:हथियारबंद लोगों ने मैतेई बहुल कांगपोकी में हमला किया, देर रात 1 बजे की फायरिंग

हिंसा से 9 की मौत, 10 घायल:हथियारबंद लोगों ने मैतेई बहुल कांगपोकी में हमला किया, देर रात 1 बजे की फायरिंग

नई दिल्ली (ए)। मणिपुर में मंगलवार देर रात हथियारबंद लोगों ने मैतेई बहुल कांगपोकी जिले में हमला किया। इसमें 9 ग्रामीण मारे गए, जबकि 10 घायल हुए हैं। घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस कुछ लोगों ने इंफाल पूर्वी जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमा से लगे खामेलोक में ग्रामीणों पर रात करीब एक बजे हमला किया। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में सुरक्षा बलों और कुकी समुदाय के बीच मुठभेड़ हुई थी। कुकी लोग मैतेई इलाकों में बंकर बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब सुरक्षाबलों और उनके बीच गोलीबारी हुई थी।

इससे पहले खमेनलोक इलाके में सोमवार की रात को भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें 9 लोग घायल हुए थे। जिला प्रशासन ने इम्फाल पूर्व में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक और इंफाल पश्चिम में सुबह 5 बजे से सुबह 9 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है। हिंसा के चलते राज्य में इंटरनेट पर 15 जून तक बैन बढ़ा दिया गया।

आज असम के CM अमित शाह से मिलेंगे
नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेशन काउंसिल के प्रेसिडेंट और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा आज मणिपुर हिंसा को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात करेंगे। सरमा शाह को मणिपुर के ताजा हालात की रिपोर्ट देंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गृहमंत्री ने सरमा को मणिपुर में हिंसा को कंट्रोल करने के लिए जरूरी कदमों का फ्रेमवर्क तैयार करने काम सौंपा था। सरमा 10 जून को मणिपुर गए थे, जहां उन्होंने राज्य के CM एन बीरेन सिंह और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी।

मैतेई लोगों पर हमले के लिए कुकी ले रहे ड्रोन का सहारा
कुकी समुदाय के लोग मैतेई गांवों और जंगल में छिपे इस समुदाय के लोगों को तलाशने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह खुलासा बिष्णुपुर जिले के फोइगक्चाओ इखाई गांव में ग्रामीणों को ड्रोन मिलने से हुआ है। यह ड्रोन 8 जून को मिला था। ड्रोन में लगे कैमरे में मोइरांग और आसपास के इलाकों के वीडियो फुटेज कैद थे।

RAF के जवानों ने वाहनों और घरो के शीशे तोड़े
मणिपुर में एक बार फिर RAF के जवान सिंगजमेई युमनाम लीकाई और मोइरांगखोम में मंगलवार तड़के निजी वाहनों और रिहायशी घरों की खिड़कियों को तोड़ते हुए दिखे। इसका वीडियो सामने आया है।

रिपोर्ट के अनुसार इन्होंने 10 वाहनों के शीशे और दो घरों की खिड़कियों के कांच तोड़े हैं। बताया जा रहा है कि RAF के ये जवान मंगलवार तड़के करीब 2:20 बजे सिंगाजामेई से मोइरांगखोम की ओर जा रहे थे तभी उन्होंने शीशे तोड़े। 

हिंसा में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत
मणिपुर में 3 मई के बाद से जारी हिंसा में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 320 घायल हैं और 47 हजार से ज्यादा लोग 272 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, 10 जून को राज्य के 11 अफसरों का तबादला कर दिया गया। इनमें IAS और IPS अफसर शामिल हैं।

इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह इस महीने की शुरुआत में 4 दिन के दौरे पर यहां आए थे। इस दौरान राज्य के DGP पी. डोंगल को हटा दिया गया था। उनकी जगह राजीव सिंह को कमान सौंपी गई है।

केंद्र सरकार ने गवर्नर की अध्यक्षता में शांति समिति बनाई
केंद्र सरकार ने 10 जून को मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए राज्यपाल की अध्यक्षता में कमेटी बनाई थी। कमेटी के सदस्यों में मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के कुछ मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं।