अगर मैंने विराट कोहली को आउट किया तो… पंजाब के मिस्ट्री स्पिनर की इस बात ने जीत लिया सबका दिल!
IPL 2026 में पंजाब किंग्स के मिस्ट्री स्पिनर विशाल निषाद ने विराट कोहली को लेकर किया बड़ा खुलासा। जानिए क्यों कोहली का विकेट लेने के बाद उनके पैर छूना चाहते हैं विशाल और क्या है उनके संघर्ष की पूरी कहानी।
क्रिकेट के मैदान पर अक्सर आपने जोश और एग्रेसिव अंदाज देखा होगा, लेकिन पंजाब किंग्स के 18 साल के युवा मिस्ट्री स्पिनर विशाल निषाद ने एक ऐसी इच्छा जाहिर की है जिसने सबका दिल जीत लिया है। उत्तर प्रदेश का यह लड़का किंग कोहली का इतना बड़ा फैन है कि उसने साफ कह दिया है, 'अगर मैंने विराट कोहली को आउट किया, तो मैं मैदान पर ही उनके पैर छुऊंगा!'
जर्सी नंबर में भी कोहली
विशाल निषाद, विराट कोहली के जबरा फैन हैं। आलम यह है कि वह अपनी जर्सी का नंबर भी 18 चाहते थे, लेकिन वो नंबर पहले से ही टीम के साथी प्रियांश आर्या के पास था। ऐसे में विशाल ने हार नहीं मानी और कोहली के सम्मान में अपनी जर्सी का नंबर 81 चुन लिया। विशाल ने पंजाब किंग्स के यूट्यूब चैनल पर अपनी दिल की बात कहते हुए कहा, 'मैं उनसे कभी मिला नहीं हूं, लेकिन इस सीजन में मेरा उनसे दो बार सामना होगा। वो मेरे आदर्श (Idol) हैं। अगर मैंने उनका विकेट लिया, तो मैं उनके पैर छुऊंगा।' विशाल ने यह भी साफ किया कि मैदान के अंदर वो पूरे एटीट्यूड के साथ कोहली को आउट करने की कोशिश करेंगे, लेकिन मैदान के बाहर वो उनसे सिर्फ सीखना चाहते हैं।
संघर्षभरा विशाल का सफर
विशाल की यहां तक पहुंचने की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं है। वो एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। आर्थिक तंगी का ये आलम था कि उन्हें क्रिकेट छोड़कर अपने पिता के काम में हाथ बंटाना पड़ता था। विशाल बताते हैं कि कई बार वो इतने निराश हो जाते थे कि उन्हें लगता था क्रिकेट छोड़ देना चाहिए।उनकी मां अक्सर कहती थीं कि क्रिकेट बहुत मुश्किल है, इसमें बहुत कंपटीशन है, इसे छोड़ो और कोई हुनर सीख लो ताकि नौकरी मिल सके। लेकिन विशाल ने अपनी मां से वादा किया था, 'मां, मैं खेलूंगा और इसे करके दिखाऊंगा।' आज उनकी मेहनत रंग लाई और पंजाब किंग्स ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है।
विशाल का सबसे बड़ा हथियार!
18 साल के इस मिस्ट्री स्पिनर के तरकश में सबसे बड़ा तीर 'कैरम बॉल' है। विशाल, स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को अपना गुरु मानते हैं और उनकी गुगली देखकर अपनी गेंदबाजी को धार देते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि जब मैदान पर किंग कोहली और उनके इस सबसे बड़े फैन का आमना-सामना होगा, तो बाजी कौन मारेगा।
suntimes 