अपनों ने ही दिया धोखा… सगे रिश्तेदारों ने ही सूने घर से उड़ाए लाखों के जेवर, 6 गिरफ्तार
बालोद जिले के ग्राम कसही में नेमीचंद साहू पिता स्व. पुनाधर साहू (36) के घर चोरी के मामले में डौंडीलोहारा पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बालोद जिले के ग्राम कसही में नेमीचंद साहू पिता स्व. पुनाधर साहू (36) के घर चोरी के मामले में डौंडीलोहारा पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। उनके पास से सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी प्रार्थी के रिश्तेदार हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी ने 21 जून 2025 को डौंडीलोहारा थाने में चोरी की रिपोर्ट लिखाई थी। वे 20 जून 2025 को पत्नी और बच्चों के साथ पुराने गांव तिलईरवार जिला राजनांदगांव गए थे। रात्रि रुकने के बाद 21 जून 2025 को घर लौटे। सामने के दरवाजे का ताला खोलने के बाद शयन रूम ताला टूटा मिला। आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी की चोरी हो चुकी थी। अज्ञात चोर घर के पीछे की बाड़ी की ओर से प्रवेश कर घुसा था।
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, उपपुलिस अधीक्षक बेनीफॉस एक्का के निर्देशन में डौंडीलोहारा के थाना प्रभारी मुकेश सिंह एवं स्टाफ ने विवेचना की।
मुखबिर की सूचना पर संदेहियों की मिली जानकारी
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पता चला कि चोरी का सामान ग्राम तिलईरवार के घर में छिपाकर रखा गया है। संदेहियों से बारीकी से पूछताछ की गई। उन्होंने लालच में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों के पास से जेवरात बरामद कर लिया गया।
आरोपियों को पकड़ने में इनका रहा योगदान
थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनित राम यादव, दिगंबर वर्मा, अरविंद यादव, लिलेश्वरी देवांगन, आरक्षक विनोद कुमार, आरक्षक पूनम खरे, आरक्षक धर्मेन्द्र सेन, साइबर सेल बालोद से आरक्षक संदीप यादव एवं तकनीकी टीम का योगदान रहा।
प्रार्थी के बड़े पिता के पुत्र ने दिया चोरी को अंजाम, बाइक से पहुंचा था
आरोपी खिलेंद्र कुमार साहू उर्फ बंटी एवं महेश साहू उर्फ महेशू प्रार्थी के बड़े पिता का पुत्र है, को प्रार्थी के तिलईरवार आने की जानकारी मिली। उन्हें प्रार्थी के पिता के निधन के समय घर आने-जाने से कमरे और दुकान की जानकारी थी। दोनों ने योजना बनाकर बाइक से ग्राम कसही पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सोने-चांदी के जेवरात को आरोपी महेशू की मां पद्मा साहू के घर तिलईरवार में छिपाकर रखा था। बाद में ग्राम टप्पा निवासी भूपेंद्र कुमार साहू और तिलईरवार निवासी नूतेश कुमार साहू के बिक्री करना बताया।
आरोपियों के पास से पुलिस ने ये जेवरात किए जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का लॉकेट, 2 जोड़ी सोने का झुमका, एक नग सोने का मंगलसूत्र, एक नग सोने का छोटा हार, पांच जोड़ी चांदी की पायल, 5 नग चांदी का सिक्का, मोबाइल फोन व 28,500 रुपए नगद बरामद किया। जेवरात की प्रार्थी और उसकी पत्नी से पहचान कराई गई। आरोपी खिलेंद्र कुमार साहू एवं महेश साहू पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ डोंगरगांव और डोंगरगढ़ थाने में पूर्व में चोरी का अपराध दर्ज है।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
खिलेंद्र कुमार साहू उर्फ बंटी पिता गोपाल साहू (23) साकिन ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़ थाना लालबाग पद्मा साहू पति लोकनाथ साहू (47) साकिन ग्राम तिलईरवार चौकी तुमड़ीबोड़ थाना लालबाग। नितिन कुमार झाड़े पिता अरुण कुमार झाड़े (22) साकिन ग्राम टप्पा थाना चिचोला। महेश उर्फ महेशू साहू पिता लोकनाथ साहू (25) साकिन ग्राम तिलईरवार, चौकी तुमड़ीबोड़। भूपेन्द्र कुमार साहू पिता रेखचंद साहू (24) ग्राम टप्पा थाना तुमड़ीबोड़, नुतेश कुमार साहू पिता गोपाल साहू (28) ग्राम तिलईरवार चौकी तुमड़ीबोड़। सभी आरोपी राजनांदगांव जिले के हैं।
suntimes 