"अपराधियों पर बुलडोजर चलेगा ही: डिप्टी सीएम अरुण साव की दो टूक चेतावनी"

तोमर बंधुओं की प्रॉपर्टी पर कार्रवाई के बाद डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो, लिखा – ‘कानून से ऊपर कोई नहीं’

छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर बुलडोजर की गर्जना सुनाई दी है। बिलासपुर में तोमर बंधुओं की संपत्ति पर नगर निगम द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के बाद प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्पष्ट संदेश दिया है – ‘बुलडोजर तो चलेगा’। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए डिप्टी सीएम साव ने न केवल निगम की कार्रवाई का वीडियो साझा किया, बल्कि अपने पुराने बयान को भी फिर से दोहराया।

बिलासपुर। बिलासपुर में नगर निगम द्वारा तोमर बंधुओं की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर सख्त लहजे में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार का रुख साफ किया।

उन्होंने लिखा –

"हम विपक्ष में थे तब भी स्पष्ट थे, आज शासन में हैं तब भी स्पष्ट हैं...

तब माइक से अपराधियों और आताताइयों को बोलते थे,

आज हमारे नगर निगम का बुलडोजर बोलता है!"

साव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार ‘सुशासन’ के सिद्धांतों पर काम कर रही है और अपराध चाहे किसी का भी हो, उस पर कानून का बुलडोजर जरूर चलेगा।

उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में लिखा –

"तोमर बंधु हों या जिहादी बंधु हों...

आतंक का फन फैलाओगे तो फन कुचलने का हुनर भी हमारी सरकार को आता है।"

डिप्टी सीएम के इस बयान को विपक्ष पर एक तीखा राजनीतिक हमला भी माना जा रहा है, जहां प्रशासनिक कार्रवाई को ‘कानून का राज’ स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया जा रहा है।