ओपन नेशनल स्केटिंग में भिलाई का दमदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते 15 से अधिक मेडल
कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में चमके छत्तीसगढ़ के स्केटर्स, मेहनत और जज्बे ने दिलाई बड़ी सफलता
भिलाई। कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में राज्य के स्केटर्स ने 15 से अधिक पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रतियोगिता में भिलाई से आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और विशेष बात यह रही कि सभी खिलाड़ियों ने मेडल जीतने में सफलता हासिल की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल भिलाई बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व का अवसर दिया है।
प्रतियोगिता में बतौर ऑफिशियल और प्रदेश में स्केटिंग खेल को नई पहचान दिलाने वाले कोच दलजीत सिंह ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में देशभर से 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद भिलाई के खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों ने बताया कि इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए वे पिछले दो महीने से लगातार कठिन अभ्यास कर रहे थे। रोजाना सुबह चार बजे से रोड रेस की प्रैक्टिस और उसके बाद करीब दो घंटे तक रिंग में अभ्यास उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। कुछ खिलाड़ी चोटिल होने के बावजूद अपनी तैयारी में जुटे रहे और अपने मजबूत इरादों के दम पर सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता में मेडल जीतने के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
suntimes 