कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों ने शुरू की लोकसभा चुनाव की तैयारी:लोकसभा में सबसे छोटी जीत मंडावी तो सबसे बड़ी दुर्ग सांसद विजय बघेल की

कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों ने शुरू की लोकसभा चुनाव की तैयारी:लोकसभा में सबसे छोटी जीत मंडावी तो सबसे बड़ी दुर्ग सांसद विजय बघेल की

लोकसभा चुनाव के लिए दोनों ही राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरु कर दी है। छत्तीसगढ़ की गिनती भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधे टक्कर वाले राज्यों में की जाती है। ऐसे में इस बार भी लोकसभा चुनाव में मुकाबला रोचक होने की संभावना है।लेकिन साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के परिणाम पर नजर डालें तो आंकड़े पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में रहे हैं क्योंकि 15 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में एकतरफा जीत मिलने के बाद भी लोकसभा चुनाव में सिर्फ दो सीटों के साथ संतोष करना पड़ा था।

लोकसभा में सबसे छोटी जीत भी भाजपा की रही तो सबसे बड़ी जीत भी भाजपा के खाते में रही है। कांकेर लोकसभा से मोहन मंडावी सिर्फ 6914 वोट से चुनाव जीते थे जबकि दुर्ग लोकसभा से विजय बघेल 3.91 लाख वोट से जीतकर सांसद बने थे। वहीं कांग्रेस ने जिन दो सीटों पर जीत हासिल की थी उनका आंकड़ा महज 26 हजार से 38 हजार वोटों का ही था। 

पांच साल सत्ता से बाहर रहने के बाद भाजपा सरकार बनाने में सफल हुई है और मोदी की गारंटी के साथ वो लोकसभा में उतरने जा रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ​महंगाई, बेरोजगारी, देश की संपत्तियों को बेचने जैसे कई मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में भाजपा-कांग्रेस के बीच ही सीधा मुकाबला होता है। वर्तमान में भाजपा के पास नौ तो कांग्रेस के पास दो लोकसभा सीटें हैं।