कैनाल रोड चौड़ीकरण पर बवाल: घर टूटने के डर से सड़क पर उतरे रहवासी

जुनवानी से IIT भिलाई तक प्रस्तावित सड़क के खिलाफ प्रदर्शन, परदेसी चौक पर चक्काजाम

कैनाल रोड चौड़ीकरण पर बवाल: घर टूटने के डर से सड़क पर उतरे रहवासी

*भिलाई के वैशाली नगर क्षेत्र में प्रस्तावित कैनाल रोड परियोजना को लेकर विरोध तेज हो गया है। सड़क चौड़ीकरण से मकान प्रभावित होने की आशंका के चलते स्थानीय रहवासियों ने परदेसी चौक पर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया।*

भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जुनवानी से IIT भिलाई तक प्रस्तावित कैनाल रोड परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर नजर आने लगा है। बुधवार को वार्ड क्रमांक-18 के रहवासियों ने परदेसी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और मार्ग को बहाल कराया।

बताया जा रहा है कि करीब 2.30 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन सड़क का निर्माण 18 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से किया जाना प्रस्तावित है। यह सड़क जुनवानी पेट्रोल पंप से खम्हरिया भाठा, खम्हरिया और कुटेलाभाठा होते हुए IIT जेवरा-सिरसा तक जाएगी।

हालांकि, सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी असंतोष है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले 15 फीट सड़क निर्माण की बात कही गई थी, लेकिन अब 30 से 40 फीट तक की मार्किंग की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में मकान प्रभावित होंगे।

स्थानीय निवासी दीपक मिश्रा ने बताया कि वर्षों की मेहनत से बनाए गए घर अब टूटने की कगार पर हैं। कई परिवारों में शादी जैसे कार्यक्रम तय हैं, ऐसे में अचानक मकान टूटने की स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।

वहीं, स्थानीय महिला विधि शर्मा ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के सड़क की चौड़ाई बढ़ाना गलत है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से क्षेत्र का दुर्गा मंदिर भी प्रभावित हो रहा है, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण पुराने प्रस्ताव के अनुसार ही किया जाए, ताकि लोगों के घर और आजीविका सुरक्षित रह सकें।