खास समाचार : CFA में दाखिले का झांसा देकर BBA छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर साढ़े 9 लाख की वसूली

होटल में बुलाकर किया शोषण, आरोपी की बहन ने कराई थी पहचान; पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

खास समाचार : CFA में दाखिले का झांसा देकर BBA छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर साढ़े 9 लाख की वसूली
पुलिस ने आरोपी दीपक को रेप केस में गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने जेल भेज दिया।

दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में एक BBA छात्रा के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। CFA कोर्स में दाखिला दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने होटल में छात्रा का शोषण किया और अश्लील वीडियो बनाकर उससे साढ़े नौ लाख रुपये वसूल लिए।

दुर्ग-भिलाई। भिलाई के एक होटल में BBA की छात्रा के साथ दुष्कर्म और लंबे समय तक ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताकर छात्रा को भरोसे में लिया, होटल में बुलाकर उसका शोषण किया और अश्लील वीडियो बनाकर भारी रकम की वसूली की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान दीपक ठाकुर (25), निवासी भिलाई के रूप में हुई है। वह CFA (चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट) कोर्स में दाखिला दिलाने का झांसा देकर छात्रा को होटल बुलाता रहा। पीड़िता जामुल क्षेत्र की रहने वाली है और भिलाई के एक कॉलेज से BBA की पढ़ाई कर रही है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई थी, जिसने उसे अपने मुंहबोले भाई दीपक ठाकुर से मिलवाया। युवती ने भरोसा दिलाया कि दीपक के उच्च शिक्षण संस्थानों में अच्छे संपर्क हैं और CFA कोर्स में आसानी से प्रवेश दिला सकता है। इसी विश्वास के चलते दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई।

आरोप है कि 9 अगस्त 2025 को दीपक ठाकुर ने छात्रा को CFA कोर्स का फॉर्म भरवाने के बहाने भिलाई स्थित होटल लैंडमार्क बुलाया। वहां आरोपी ने जबरन दुष्कर्म किया और चुपके से अश्लील वीडियो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को डराता रहा।

पीड़िता के अनुसार, 1 नवंबर 2025 को आरोपी ने फिर से होटल बुलाकर दोबारा उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और कोर्स में दाखिले के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। धमकियों से भयभीत होकर छात्रा ने 7 लाख 50 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह कुल 9 लाख 50 हजार रुपये की वसूली की गई।

लगातार शोषण और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर छात्रा ने 16 दिसंबर को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम) और 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की विस्तृत जांच कर रही है।