घरेलू विवाद ने ली महिला की जान, पति ने हंसिए से किया जानलेवा हमला

कुम्हारी के महामाया पारा में सुबह हुई वारदात; पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 स्थित महामाया पारा में रविवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर हंसिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घनश्याम यादव और उसकी पत्नी दुर्गा यादव के बीच पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार सुबह दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। गुस्से में आकर घनश्याम यादव ने घर में रखे हंसिए से पत्नी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल दुर्गा यादव को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और उसी के चलते उसने आवेश में आकर हमला कर दिया। कुम्हारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।