चांपा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म: 24 घंटे में सातों आरोपी गिरफ्तार
घर छोड़ने का बहाना देकर सुनसान जगह ले गए युवक, CCTV फुटेज से पुलिस ने पकड़ा सुराग
जांजगीर-चांपा जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। देर रात अकेली लौट रही एक महिला को सात युवकों ने घर छोड़ने का झांसा दिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित 30 वर्षीय महिला मंदिर परिसर में रहती है और दूसरों के घरों में काम कर अपना जीवनयापन करती है। घटना 28-29 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे हुई, जब महिला मंदिर लौट रही थी।
इस दौरान तीन बाइक पर सवार सात युवकों ने उसे अकेला देखकर घर छोड़ने का झांसा दिया। महिला के बैठने के बाद आरोपी उसे सुनसान जगह ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वे मौके से फरार हो गए।
किसी तरह पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिनमें तीन बाइक पर सातों आरोपी नज़र आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने सभी की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में युवकों ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) और 87 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप मनहर, शिवम बंजारे, कृष्ण खूंटे, अनिल महिलांगे, सूरज टंडन, दीपेश कुर्रे और शानू मीरझा शामिल हैं। सभी 19 वर्ष के हैं और चांपा नगर व घोघरा गांव के निवासी बताए गए हैं। उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
suntimes 