कांकेर में युवा कांग्रेस का जनआंदोलन 15 अक्टूबर को, बिजली बिलों की बढ़ोतरी के खिलाफ गरजेगी युवा शक्ति
राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब रहेंगे आंदोलन में शामिल — तैयारियों की कमान महासचिव संदीप वोरा के हाथों में, कांकेर पहुँचे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने
बढ़ते बिजली बिलों और जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस 15 अक्टूबर को कांकेर में बड़ा जनआंदोलन करने जा रही है। “बिजली चोर, गद्दी छोड़” के नारे के साथ होने वाले इस आंदोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की अगुवाई रहेगी। आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने प्रदेश महासचिव संदीप वोरा कांकेर रवाना हो चुके हैं।
कांकेर। बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ भारतीय युवा कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को कांकेर में विशाल जनआंदोलन की घोषणा की है। “बिजली चोर गद्दी छोड़” शीर्षक से आयोजित इस आंदोलन में देशभर के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब स्वयं इस आंदोलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। प्रदेश प्रभारी अमित सिंह पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मांडरे और छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर से कार्यकर्ता जुट रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन की ज़िम्मेदारी प्रदेश महासचिव संदीप वोरा को सौंपी गई है। वोरा गुरुवार को दुर्ग से कांकेर रवाना हुए, जहाँ उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
प्रस्थान से पहले संदीप वोरा ने कहा —
“यह आंदोलन जनता की आवाज़ है। बिजली बिलों में बेतहाशा वृद्धि ने हर वर्ग की जेब पर चोट की है। अब जनता चुप नहीं बैठेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब जी के नेतृत्व में यह संघर्ष छत्तीसगढ़ से पूरे देश को एक सशक्त संदेश देगा।”
कांकेर जिले के सभी ब्लॉकों में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। पोस्टर, बैनर और नुक्कड़ सभाओं के ज़रिए इस आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की तैयारी चल रही है। युवा कांग्रेस का यह आंदोलन न केवल बिजली दरों के विरोध का प्रतीक बनेगा, बल्कि युवाओं की आवाज़ को सशक्त राजनीतिक संदेश देने वाला आयोजन भी साबित हो सकता है।
suntimes 