सेजबहार में अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 10 एकड़ जमीन से हटाया कब्जा

कलेक्टर के निर्देश पर टीम ‘प्रहरी’ की छापेमारी, तोड़ी गई बाउंड्रीवॉल और प्लिंथ — एसडीएम के नेतृत्व में हुई संयुक्त कार्रवाई

सेजबहार में अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 10 एकड़ जमीन से हटाया कब्जा

राजधानी रायपुर के सेजबहार क्षेत्र में जिला प्रशासन ने गुरुवार को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। करीब 10 एकड़ जमीन पर चल रही अवैध प्लॉटिंग को प्रशासनिक टीम ने मौके पर जाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर टीम ‘प्रहरी’ द्वारा की गई।

रायपुर। राजधानी में अवैध कॉलोनाइज़ेशन और भू-माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त रुख अपना रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार 9 अक्टूबर को सेजबहार इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। यहाँ करीब 10 एकड़ सरकारी और निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह हटाया गया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई सुबह से शुरू हुई। मौके पर बनी बाउंड्रीवॉल, प्लिंथ और सड़क मार्ग को तोड़ दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई में एसडीएम रायपुर नंदकुमार चौबे, राजस्व विभाग की टीम और नगर निगम की टीम ‘प्रहरी’ शामिल रही।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध भूमि विक्रय और बेजा कब्जे पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमोदन के की जा रही किसी भी प्लॉटिंग या निर्माण पर अब कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से उसकी विधिक स्थिति की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।