छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बड़ी तैयारी: जिलाध्यक्षों को राहुल गांधी देंगे ट्रेनिंग, जनवरी में आदिवासी अंचल में होगा विशेष कैंप
रायपुर। छत्तीसगढ़ में संगठन को फिर से मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति तय करने के उद्देश्य से कांग्रेस बड़ा कदम उठाने जा रही है। पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों के लिए जनवरी माह में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं प्रशिक्षण देंगे। यह कैंप बस्तर या सरगुजा संभाग में आयोजित किए जाने की संभावना है।
आदिवासी क्षेत्रों में होगा कैंप, संगठनात्मक मजबूती पर फोकस
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, बस्तर और सरगुजा दोनों ही आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के साथ-साथ पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन इन्हीं इलाकों में करने की तैयारी है। इस कैंप में प्रदेशभर के सभी कांग्रेस जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।
मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंपर्क पर मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिलाध्यक्षों को संगठन संचालन, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन, जमीनी कार्यकर्ताओं से समन्वय और आम जनता से सीधे जुड़ने के तौर-तरीकों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि आने वाले चुनावों में यह सभी पहलू निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
खड़गे से लेकर पवन खेड़ा तक, कई दिग्गज रहेंगे मौजूद
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल सहित कई वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञ शामिल हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के दो दिन के प्रवास का प्रस्ताव भेजा गया है।
जिलाध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे राहुल गांधी
कैंप के दौरान राहुल गांधी न सिर्फ जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे, बल्कि उनसे व्यक्तिगत बातचीत भी करेंगे। इस दौरान वे जिलों की सामाजिक और राजनीतिक स्थिति, स्थानीय चुनौतियों, संगठन की कमजोरियों और भविष्य की चुनावी रणनीति पर सीधे फीडबैक लेंगे।
अगले चुनावों की रणनीति होगी तय
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारी की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ नए सिरे से रणनीति तय की जाएगी।
suntimes 