छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी:बिलासपुर, दुर्ग, सहित 6 जिलों में ऑरेंज और रायपुर, कोरबा सहित 8 जिलों में यलो अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 27 जून को सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के बिलासपुर, पेंड्रा, मुंगेली, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट उन इलाकों में जारी किया जहां जाता है, जहां मूसलाधार बारिश की आशंका होती है वहीं यलो अलर्ट भारी बारिश के लिए जारी किया जाता है।
वहीं रायगढ़ जिले में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि कोरिया, कोरबा, जांजगीर, रायपुर, महासमुंद, बालोद, राजनांदगाव और बीजापुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, यहां गरज चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। 27 जून सुबह 8:30 से 28 जून रात 8:30 बजे तक प्रदेश के बिलासपुर, पेंड्रा, मुंगेली, राजनांदगाव और कबीरधाम जिलों में एक दो स्थानों पर और कांकेर जिले में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश की भी संभावना जतायी गई है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
अब तक महासमुंद जिले में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। महासमुंद में 139.8 मिलीमीटर, रायपुर में 129.7 मिमी, बिलासपुर 117.2 मिमी, मुंगेली 100.5 मिमी, सुकमा 98.2 मिमी, बलौदाबाजार 92 मिमी, गरियाबंद 82.3 मिमी, बलरामपुर में 82 मिमी, कोरबा 81.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
suntimes 