छत्तीसगढ़ समेत 7 राज्यों में मानसून 4 दिन में पहुंचेगा....असम में बाढ़ से 26 लोगों की मौत, 1.61 लाख लोग प्रभावित...

देश के आधे से अधिक राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भारी, तो अन्य राज्यों में प्री मानसून बारिश हो रही है। कई राज्यों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में अगले 3-4 दिन में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है।
गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों- सिक्किम, अरुणाचल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो रही है। असम में बाढ़ की वजह से 15 जिलों में 1.61 लाख लोग प्रभावित हैं। 26 लोगों की मौत हो चुकी है। काजीरंगा नेशनल पार्क में जानवरों की निगरानी के लिए कमांडो तैनात किए गए हैं। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश के कुछ इलाके, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू डिवीजन में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।