जनआंदोलन को नई दिशा देगा CJP, चुनावी राजनीति से फिलहाल दूरी: दीपके
संभाजीनगर में दो दिवसीय रणनीति बैठक शुरू; शिक्षा, E20 और राष्ट्रीय संगठन विस्तार पर होगा मंथन
छत्रपति संभाजीनगर (ए)। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने स्पष्ट किया है कि संगठन फिलहाल चुनावी राजनीति में उतरने के बजाय देशव्यापी जनआंदोलन और जनदबाव अभियान को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भारत को किसी नए राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाबदेह बनाने वाले एक प्रभावी प्रेशर ग्रुप की जरूरत है।
छत्रपति संभाजीनगर में शुरू हुई CJP की दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक से पहले दीपके ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जंतर-मंतर आंदोलन की सफलता इस वजह से मिली क्योंकि उसमें विभिन्न विचारधाराओं और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग लोकतंत्र और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर एकजुट हुए। उन्होंने कहा कि यदि संगठन उस समय राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आता, तो आंदोलन को इतना व्यापक समर्थन नहीं मिल पाता।
बैठक में जंतर-मंतर आंदोलन की समीक्षा, शिक्षा व्यवस्था, E20 ईंधन नीति, संगठन के राष्ट्रीय विस्तार और आगामी जन अभियानों की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। दीपके ने यह भी घोषणा की कि CJP झारखंड जाकर आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़ा होगा और उनकी मांगों का समर्थन करेगा।
संगठन के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि छात्र प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर वापस कराने के लिए सरकार से बातचीत जारी है। साथ ही घायल छात्रों को कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक संगठन के मार्गदर्शक के रूप में जुड़े रहेंगे और समय-समय पर रणनीतिक सलाह देते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि CJP ने 20 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक लगातार धरना-प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और युवा शामिल हुए थे। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद आंदोलन और तेज हुआ था, जबकि तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद संगठन ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की थी।
suntimes 