ब्रेकिंग न्यूज : महादेव बुक का बड़ा प्लेयर नोएडा में अरेस्ट...इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर दुबई में रहता था
छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही के बाद अब उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ऑनलाइन सट्टा के ठिकानों पर लगातार एक्शन ले रही है।

नोएडा (ए)। ऑनलाइन सट्टा एप महादेव बुक की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही के बाद अब उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ऑनलाइन सट्टा के ठिकानों पर लगातार एक्शन ले रही है।
आपको बता दें चार सौ करोड़ से अधिक के अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड गिरोह के इंडिया हेड सचिन सोनी को नोएडा पुलिस थाना सेक्टर-39 ने गिरफ्तार कर लिया है। नवोदय टाइम्स की एक खबर के अनुसार, आरोपी को झांसी एसओजी की सहायता से झांसी से ही गिरफ्तार किया गया है। आरोपी झांसी का ही रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से यह कारोबार चल रहा था। झांसी और ललितपुर के करीब 2000 कारोबारियों ने इस गेमिंग एप पर करीब दो हजार करोड़ रुपए लगाए हुए थे।
ACP रजनीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि, इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर दुबई में रहता था। आरोपी वहां से ही बैठकर इस पूरे अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड गिरोह को ऑपरेट करता है। आरोपी ने इंडिया हेड सचिन सोनी को बनाया हुआ है। जबकि इंडिया का सारा काम नीरज गुप्ता बतौर मैनेजर देखता है। पकड़े गए आरोपी सचिन सोनी ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पॉम सोसायटी में एक फ्लैट लिया हुआ है।
ACP रजनीश वर्मा ने आगे बताया कि, आरोपी यहां भी आता-जाता रहता है। इसके अलावा आरोपी 2019 में भी इस तरह का काम दिल्ली में शुरू किया था। लेकिन फेल हो जाने पर आरोपी झांसी भाग गया। एसीपी ने बताया कि सचिन सोनी ने झांसी और ललितपुर के 50 से अधिक लोगों को इस ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड गिरोह से जोड़ा हुआ है। धीरे-धीरे इस पूरे गिरोह के एक-एक सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इस गिरोह के सरगना सहित कुछ आरोपियों को लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि सचिन सोनी ने झांसी और ललितपुर के कई बड़े बिल्डर, सर्राफा, बड़े कारोबारियों और सफेदपोश लोगों का पैसा गेमिंग एप में लगवाया हुआ है।