जन्मदिन बना पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, तीन सदस्यों ने लगाए 101 पौधे

'हर आँगन एक पेड़' अभियान से प्रेरित होकर तीन सदस्यों ने सामूहिक रूप से मनाया जन्मदिन, ग्रामीणों, बच्चों और मातृशक्ति की मौजूदगी में पौधरोपण कर संरक्षण का लिया संकल्प।

जन्मदिन बना पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, तीन सदस्यों ने लगाए 101 पौधे

जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की दिशा में आर्टकॉम संस्था का 'हर आँगन एक पेड़' अभियान लगातार नई मिसाल कायम कर रहा है। अभियान से प्रेरित होकर संस्था से जुड़े तीन सदस्यों ने इस बार जन्मदिन के अवसर पर 101 पौधों का रोपण कर हरित भविष्य का संदेश दिया। धार्मिक परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर जन्मदिन मनाया गया और पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

भिलाई। कला, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय आर्टकॉम संस्था का 'हर आँगन एक पेड़' अभियान अब लोगों की सोच और जन्मदिन मनाने के तरीके में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। संस्था की प्रेरणा से लोग अपने विशेष अवसरों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए पौधरोपण जैसे रचनात्मक कार्यों को अपनाने लगे हैं।

इसी कड़ी में भिलाई निवासी शैलेन्द्र सिंह ने अपने जन्मदिन पर 101 पौधे लगाने का संकल्प पूरा किया। संयोगवश इसी दिन अभियान के अध्यक्ष गुरनाम सिंह तथा मीडिया सलाहकार अमिताभ भट्टाचार्य का भी जन्मदिन था। तीनों का जन्मदिन भारतीय परंपरा के अनुसार माथे पर तिलक लगाकर मनाया गया और इसके बाद सामूहिक रूप से 101 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

संस्था संचालक निशु पाण्डेय ने कहा कि आर्टकॉम सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के लिए लगातार जनजागरण अभियान चला रही है। संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के प्रति भी समाज को जागरूक करना है। उनका कहना था कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर जीवन का आधार बनेंगे।

उन्होंने बताया कि 'हर आँगन एक पेड़' अभियान के माध्यम से लोगों को अपने जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्मृति दिवस और अन्य आयोजनों—पर पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच और जनभागीदारी भी बढ़ रही है।

कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक करमजीत सिंह, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, मदन सेन, सुदेश मिश्रा, भास्कर तिवारी, रजनीकांत अग्रवाल, श्रीराम, दिल्ली से पधारे गौतम कर तथा उमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महमरा गांव के बच्चे, मातृशक्ति और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।